अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोरी के रुख के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में बृहस्पतिवार को सोने की कीमत 485 रुपये की हानि के साथ 50,418 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गयी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी कि सोने की कीमतों में लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट आई है। पिछले दिन के कारोबार में यह 50,903 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी भी 2,081 रुपये की गिरावट के साथ 58,099 रुपये प्रति किलोग्राम पर रह गया, जो पिछले कारोबारी सत्र में 60,180 रुपये प्रति किलोग्राम था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा, ''दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत में 485 रुपये की गिरावट रही जो लगातार चौथे कारोबारी सत्र की गिरावट को दर्शाता है।'' अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना नरमी दर्शाता 1,854 डॉलर प्रति औंस पर था और चांदी 22.12 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर बना हुआ था। उन्होंने कहा कि यूरोप में वायरस के बढ़ते संक्रमण के कारण आम आर्थिक गतिविधियों में मंदी के बीच सोने की कीमत में गिरावट जारी रही।
कोविड-19 के मामलों में निरंतर वृद्धि को लेकर बढ़ती चिंताओं और घरेलू शेयर बाजार में भारी बिकवाली की घटनाओं के बाद विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 32 पैसे की भारी गिरावट के साथ करीब एक माह के निम्न स्तर 73.89 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इसके अलावा प्रमुख वैश्विक मुद्राओं की तुलना में डॉलर के मजबूत होने तथा घरेलू बाजार से विदेशी निधियों की भारी धन निकासी से बाजार की धारणा प्रभावित हुई।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर रुख के साथ 73.82 पर खुला तथा कारोबार के दौरान 73.75 से 73.96 रुपये के दायरे में घूमने के बाद अंत में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 32 पैसे की भारी गिरावट को दर्शाता 73.89 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। छह प्रमुख वैश्विक मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला, डॉलर इंडेक्स 0.04 प्रतिशत बढ़ककर 94.42 हो गया। वहीं वैश्विक मानक माने जाने वाले ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.77 प्रतिशत घटकर 41.45 डॉलर प्रति बैरल रह गई।
बंबई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' बृहस्पतिवार को 1,114.82 अंक की भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। एक्सचेंज के आंकड़े दर्शाते हैं कि विदेशी संस्थागत निवेशक, पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और बृहस्पतिवार को उन्होंने 1,885.69 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की।
सोना और चांदी के साथ देश के शेयर बाजार में भी गिरावट लगातार जारी है। चार दिनों से इन तीनों में गिरावट है। सोना एमसीएक्स पर अक्टूबर गोल्ड फ्यूचर में आज 45 बीपीएस की गिरावट के साथ 49,293 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। पिछले चार दिनों में यह प्रति दस ग्राम 2,500 रुपए टूट गया है। चांदी भी इसी तरह से 3 प्रतिशत टूटकर 56,710 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है। बीएसई सेंसेक्स 39,000 के स्तर से गिरकर अब 37100 पर पहुंच गया है।
जानकारी के मुताबिक कल सोना 1.9 प्रतिशत या 950 रुपए प्रति दस ग्राम गिरा जबकि चांदी में 4.5 प्रतिशत या 2,700 रुपए प्रति किलो की गिरावट देखी गई। आज सुबह से सोना गिरावट की ओर कारोबार कर रहा है। यह ढाई महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया है। निवेशक अभी भी अमेरिका में बेरोजगारी दावों के आंकड़े आने से पहले सतर्क हो गए हैं।


0 Comments