कोरोना महामारी (Corona
Pandemic) के बीच देश में अनलॉक (Unlock) की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में अनलॉक- 5 के तहत आज से दिल्ली (Delhi) से सटे उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के जिले नोएडा (Noida) और गाजियाबाद (Ghaziabad)
में स्कूल खुल (School
Reopen) गए हैं। देश में आज से उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब और सिक्किम जैसे राज्यों में भी स्कूल खुल रहे हैं। इस दौरान छात्रों को कोरोना से बचाव के लिए जो भी दिशा निर्दश दिए गए हैं उनका सख्ती से पालन करवाया जा रहा है।
नोएडा के सेक्टर 12 में एक सरकारी स्कूल के कक्षा 9 वीं और 10 वीं के छात्र आज स्कूल पहुंचे। कक्षा 10 वीं के छात्र अमन का कहना है कि हमें अपने हाथों को साफ करने, सामाजिक दूरी का पालन करने और अन्य छात्रों के साथ पेन / कॉपी आदि साझा नहीं करने का निर्देश दिया गया है।
फर्नीचर, स्टेशनरी, कैंटीन, लैब के साथ ही पूरे परिसर और क्लास रूम को रोज सैनिटाइज करना होगा।
एक क्लास में एक दिन में 50 फीसदी बच्चे ही बैठेंगे। दूसरे दिन बाकी के बच्चों की पढ़ाई होगी।
दो स्टूडेंट्स के बीच 6 फीट की दूरी अनिवार्य होगी। इसके अलावा सबसे सख्त नियम ये है कि कोई भी स्टूडेंट अपने अभिभावक की बिना लिखित अनुमति के स्कूल नहीं आ सकेगा।
सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखा जाएगा। कोशिश ये रहेगी कि अभिभावक खुद बच्चे को लाएं और लेकर जाएं।
बच्चे को यूनिफार्म में फुल आस्तीन की शर्ट, फुल पैंट और जूते-मोजे पहनना जरूरी होगा। क्लासरूम में मास्क उतारने की अनुमति नहीं होगी।
बिना अभिभावकों की अनुमति के छात्र नहीं आ सकते स्कूल :
केंद्रीय गृह मंत्रालय की गाइडलाइन में कहा गया है कि स्कूलों की तरफ से स्टूडेंट्स पर कक्षाओं में आने के लिए कोई दबाव नहीं डाला जाएगा। यहां तक कि स्कूल जाने के लिए छात्रों को अभिभावकों की लिखित अनुमति को सबसे जरूरी माना गया है। बता दें कि कोरोना संकट के कारण देश में लॉकडाउन के बाद अनलॉक की प्रक्रिया जारी है। इस अनलॉक की प्रक्रिया के तहत केंद्र सरकार ने राज्यों को स्कूल खोले जाने की अनुमति भी दी है, जिसके चलते कई राज्यों ने 15 अक्टूबर से स्कूल खोलने का फैसला किया था वहीं कई राज्य आज 19 अक्टूबर से स्कूल खोल रहे हैं।
दिल्ली के स्कूल 31 अक्टूबर तक बंद :
देश की राजधानी दिल्ली में केजरीवाल सरकार ने फिलहाल 31 अक्टूबर तक स्कूल खोलने पर रोक लगाई हुई है। यदि हालात सामान्य हुए तो 31 के बाद राजधानी में भी स्कूल खोलने की अनुमति दी जा सकती है। दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामलों लगातार इजाफा हो रहा है। यहां रविवार को 24 घंटों में कोरोना के 3299 नए मामले सामने आए हैं और एक दिन में 29 मरीजों की जान गई है। इसके साथ ही राजधानी में संक्रमण के कुल मामले 3,31,017 हो गए हैं। संक्रमण के कुल मामलों में सक्रिय मामलों की संख्या 23,292 है। वहीं 3,01,716 लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं। यहां अब तक 6,009 लोगों की जान जा चुकी है।

0 Comments