केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का 74 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके बेटे चिराग पासवान ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। चिराग ने अपने ट्विटर पर लिखा, 'पापा....अब आप इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन मुझे पता है आप जहां भी हैं हमेशा मेरे साथ हैं। Miss
you Papa...। बता दें कि दिल्ली के एक अस्पताल में पासवान का इलाज चल रहा है। एलजेपी के अध्यक्ष और पासवान के बेटे चिरागने बताया कि शनिवार देर रात उनका दिल का ऑपरेशन किया गया था।
केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान बीते कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। उन्हें इलाज के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने पासवान का हालचाल जनाने के लिए संपर्क किया था। चिराग पासवान ने इस बात की जानकारी ट्वीट में देते हुए उनका आभार भी व्यक्त किया था।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दुख व्यक्त करते हुए कहा,'' केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन से देश ने एक दूरदर्शी नेता को खो दिया हैI वह संसद के सबसे सक्रिय और सबसे लंबे समय तक सेवारत सदस्यों में से थेI वह दीन-दुखियों की आवाज थेI''
बीएसपी सुप्रीम मायावती ने लिखा,'' केन्द्रीय मंत्री व बिहार के प्रमुख नेताओं में से एक श्री रामविलास पासवान के निधन की खबर अति-दुःखद, उनके परिवार व पार्टी के लोगों के प्रति गहरी संवेदनाI''
आरजेडी प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने लिखा,'' रामबिलास भाई के असामयिक निधन का दुःखद समाचार सुन अति मर्माहत हूँI विगत 45 वर्षों का अटूट रिश्ता और उनके संग लड़ी तमाम सामाजिक, राजनीतिक लड़ाइयाँ आँखों में तैर रही हैI रामबिलास भाई, आप जल्दी चले गएI इससे ज़्यादा कुछ कहने की स्थिति में नहीं हूँI''
राम विलास पासवान का कद काफी बड़ा था, इसीलिए उनके खिलाफ किसी भी पार्टी ने कभी मुखर होकर आवाज नहीं उठाईI उन्हें राजनीति का ज्योतिषी भी कहा जाता थाI उनकी एक और बड़ी उपलब्धि रही है कि वो 6 अलग-अलग प्रधानमंत्रियों की कैबिनेट में बतौर केंद्रीय मंत्री रहेI


0 Comments